Breaking
Sun. Feb 8th, 2026

टाटा स्टील परिसर में धूमधाम से मना 77वां गणतंत्र दिवस, वीपी डीबी सुंदर रमम ने किया ध्वजारोहण

जमशेदपुर। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को टाटा स्टील कंपनी परिसर देशभक्ति के रंग में पूरी तरह सराबोर नजर आया। इस अवसर पर टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट स्थित मुख्य गेट पर आयोजित मुख्य झंडोतोलन कार्यक्रम में कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रमम ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी।

ध्वजारोहण समारोह में टाटा स्टील के वरीय अधिकारी, बड़ी संख्या में कर्मचारी, स्टाफ सदस्य तथा टाटा वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान का आयोजन किया गया, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने अनुशासन के साथ राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सम्मान दिया। पूरे परिसर में देशभक्ति, एकजुटता और अनुशासन का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वीपी (सीएस) डीबी सुंदर रमम ने टाटा स्टील की उपलब्धियों, उत्पादन क्षमता, सुरक्षा मानकों और सामाजिक दायित्वों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कंपनी की प्रगति में कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और टीमवर्क की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी को प्रेरित किया।

डीबी सुंदर रमम ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर बात करते हुए कहा कि यह अवसर राष्ट्र को मजबूत, आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने का संकल्प लेने का है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अपने स्तर से शहर और देश को बेहतर बनाने की पहल करें तथा सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम के दौरान टाटा स्टील सिक्योरिटी सर्विस और निजी सुरक्षा एजेंसियों के जवानों द्वारा भव्य मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया, जिसने समारोह को और भी गरिमामय बना दिया।

गौरतलब है कि हर वर्ष की तरह इस बार भी टाटा स्टील परिसर में गणतंत्र दिवस को पूरे उत्साह, सम्मान और गरिमा के साथ मनाया गया। इस आयोजन ने न केवल कर्मचारियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत किया, बल्कि संगठन के प्रति समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी के संदेश को भी सशक्त रूप से सामने रखा।

Related Post