Breaking
Sat. Feb 7th, 2026

जमशेदपुर में श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन

जमशेदपुर। साकची स्थित श्रीरामलीला उत्सव समिति के तत्वावधान में आगामी 11 फरवरी से 17 फरवरी 2026 तक श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह सात दिवसीय आध्यात्मिक आयोजन रामलीला मैदान, जमशेदपुर में संपन्न होगा, जिसमें प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक कथा का वाचन किया जाएगा।

इस पावन अवसर पर वृन्दावन धाम से पधार रहे प्रसिद्ध कथा व्यास स्वामी सर्वज्ञानंद जी महाराज श्रीमद् भागवत महापुराण की अमृतमयी कथा का रसपान श्रद्धालुओं को कराएंगे। कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा, जिससे श्रोताओं को आध्यात्मिक शांति और जीवन को नई दिशा देने की प्रेरणा मिलेगी।

इस धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन श्री रामलीला उत्सव ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है, जिसमें विशिष्ठ सहयोगी के रूप में स्वर्गीय मुन्ना बाबू गुप्ता ट्रस्ट का महत्वपूर्ण योगदान रहेगा। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु बैठक व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग सहजता से कथा श्रवण कर सकें।

आयोजन को लेकर समिति के प्रमुख आयोजक मनोज मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रीमद् भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को सद्भाव, नैतिकता और संस्कारों से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस कथा ज्ञान यज्ञ के माध्यम से युवा पीढ़ी को भी भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और भक्ति मार्ग से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मनोज मिश्रा ने जमशेदपुर एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे परिवार सहित इस सात दिवसीय आयोजन में सहभागी बनें और भागवत कथा के दिव्य संदेश से अपने जीवन को धन्य करें।

Related Post