चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में 26 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को मुख्य कार्यक्रम स्थल पुलिस लाइन केंद्र, चाईबासा में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। यह रिहर्सल जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त चंदन कुमार के नेतृत्व में तथा पुलिस अधीक्षक अमित रेनू की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
रिहर्सल के दौरान निर्धारित समय के अनुसार पहले पुलिस अधीक्षक और उसके बाद उपायुक्त के आगमन पर परेड में शामिल प्लाटून द्वारा दोनों पदाधिकारियों को सलामी दी गई। इसके बाद उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने परेड का निरीक्षण किया तथा ध्वजारोहण की औपचारिकता पूरी की।
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को पुलिस लाइन केंद्र, चाईबासा में आयोजित मुख्य राजकीय समारोह में झारखंड राज्य के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग तथा परिवहन विभाग के मंत्री दीपक बिरुवा पूर्वाह्न 9:05 बजे ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद परेड कमांडर के नेतृत्व में मार्च पास्ट और विभिन्न विभागों द्वारा तैयार की जा रही झांकियों की प्रस्तुति होगी।
मुख्य कार्यक्रम के बाद पूर्वाह्न 10:20 बजे सिंहभूम प्रमंडल आयुक्त कार्यालय, जिला परिषद कार्यालय और अनुमंडल कार्यालय सदर चाईबासा में ध्वजारोहण किया जाएगा।
पूर्वाह्न 10:50 बजे जिला समाहरणालय और पूर्वाह्न 11:45 बजे भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी कार्यालय में ध्वजारोहण होगा। गणतंत्र दिवस के पूर्व दिवस 25 जनवरी को पिल्लई सभागार में अपराह्न 1:30 बजे से स्कूली बच्चों की सहभागिता से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं 26 जनवरी को अपराह्न 3:00 बजे बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन होगा।
मुख्य समारोह में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का एक दल, जिला सशस्त्र पुलिस के दो दल, सहायक पुलिस बल के दो दल, गृह रक्षक के दो दल, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड चाईबासा सहित कुल 10 प्लाटून और बैंड पार्टी परेड में शामिल होंगे।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अपर उपायुक्त प्रवीण केरकट्टा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टोपनो, जिला नजारत उप समाहर्ता देवेंद्र कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) शिवेंद्र, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी, गोपनीय प्रभारी कुमार हर्ष सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

