रांची। सदर अस्पताल रांची परिसर और उसके आसपास लगातार हो रही मोबाइल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अस्पताल के आसपास तैनात टाइगर मोबाइल, पीसीआर और माइको को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया था। इसी अभियान के दौरान पुलिस ने दो कथित मोबाइल चोरों को पकड़कर उनके कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को सदर अस्पताल परिसर में दो संदिग्ध युवकों के पकड़े जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उनके पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइल में एक रियलमी प्रो और दूसरा इनफिनिक्स 5जी शामिल है।
इस मामले में लोअर बाजार थाना में कांड संख्या 161/2026, दिनांक 19 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 32 वर्षीय शहबाज कुरैशी, निवासी गुदड़ी चौक कुरैशी मोहल्ला, लोअर बाजार और 18 वर्षीय मोहम्मद दिलशान उर्फ ठिल्लू, निवासी इस्लाम नगर पत्थलकुदवा, लोअर बाजार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सदर अस्पताल और आसपास के इलाकों में मोबाइल चोरी की घटनाओं को देखते हुए लगातार निगरानी की जा रही है। अस्पताल परिसर में आने-जाने वाले लोगों के बीच संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि चोरी की घटनाओं में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई में पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार रजक, सहायक अवर निरीक्षक अजय कुमार सिंह, टाइगर मोबाइल के आरक्षी 770 सलीम उद्दीन अंसारी, आरक्षी 2861 विनय कुमार यादव तथा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

