Breaking
Sun. Sep 20th, 2026

कुकड़ू में गणेश पूजा महोत्सव में सजा मिलन पोद्दार नाइट, कलाकारों ने बांधा समां

सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू हाट मैदान में श्री श्री सार्वजनिक गणेश पूजा समिति, सोलोआना की ओर से आयोजित गणेश पूजा महोत्सव के दौरान शनिवार की रात मिलन पोद्दार नाइट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलाकारों की प्रस्तुतियों ने देर रात तक दर्शकों का मनोरंजन किया। धार्मिक आयोजन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम और मेले के कारण कुकड़ू हाट मैदान में लोगों की भीड़ जुटी रही।

कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा झारखंड प्रदेश शिक्षा प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. जटाशंकर पांडेय, भाजपा सोनारी मंडल अध्यक्ष प्रशांत कुमार पोद्दार, सरायकेला जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष अशोक साहू, कृष्णा यादव और युवा मोर्चा के जिला मंत्री आकाश महतो ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर किया। पूजा समिति की ओर से अतिथियों को भगवान श्री गणेश का चित्र और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

आयोजन में समिति के रामभजन कुमार, कृष्णा कुम्हार, वसंत पोद्दार, विष्णु कुमार, निधुराम कुमार, मनोज मछुआ और नारायण पोद्दार समेत अन्य सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। गणेश पूजा महोत्सव को लेकर कुकड़ू हाट मैदान में मीना बाजार और विभिन्न प्रकार के आकर्षक झूले लगाए गए हैं। शाम होते ही मेला परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग पहुंच रहे हैं।

मिलन पोद्दार नाइट में स्थानीय कलाकार मिलन पोद्दार और आस्तिक दिवान ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। इस दौरान डॉ. जटाशंकर पांडेय और प्रशांत कुमार पोद्दार ने दोनों कलाकारों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि डॉ. जटाशंकर पांडेय ने कहा कि भगवान गणेश ज्ञान, बुद्धि और समृद्धि के प्रतीक हैं। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने के साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपरा और संस्कृति से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने सोलोआना पूजा समिति की ओर से आयोजित गणेश पूजा महोत्सव की सराहना की।

भाजपा सोनारी मंडल अध्यक्ष प्रशांत कुमार पोद्दार ने क्षेत्र के लोगों से गणेश पूजा महोत्सव में शामिल होने और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मेले का आनंद लेने की अपील की। उन्होंने आयोजन को शांतिपूर्ण और सफल बनाने में स्थानीय लोगों से सहयोग का आग्रह किया।

Related Post