जमशेदपुर। टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (TSAF) द्वारा टाटा स्टील क्लाइम्बिंग चैंपियनशिप 2026 के छठे संस्करण का आयोजन 24 से 27 जनवरी तक जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जमशेदपुर में किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट क्लाइम्बिंग प्रतियोगिता देश और विदेश के उभरते एवं शीर्ष पर्वतारोहियों को एक साझा मंच प्रदान करेगी। इस वर्ष की चैंपियनशिप में भारत सहित कज़ाखस्तान, उज्बेकिस्तान और नेपाल के 300 से अधिक पर्वतारोही भाग ले रहे हैं, जिससे आयोजन को अंतरराष्ट्रीय पहचान और प्रतिस्पर्धात्मक स्तर मिलेगा।
चैंपियनशिप के अंतर्गत स्पीड, लीड और बोल्डर क्लाइम्बिंग की रोमांचक स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताएं अंडर 11, अंडर 13, अंडर 15, अंडर 17 और ओपन आयु वर्गों में होंगी, जिससे बाल पर्वतारोहियों से लेकर अनुभवी खिलाड़ियों तक सभी को अपनीही प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन युवाओं के विकास और उच्च प्रदर्शन खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
26 जनवरी को सुबह 9:45 बजे TSAF क्लाइम्बिंग एकेडमी परिसर में गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी. बी. सुंदरा रामम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। ध्वजारोहण के बाद पुरस्कार वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जो खेल भावना, एकता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक होगा।
चैंपियनशिप का समापन 27 जनवरी को सभी वर्गों के विजेताओं के सम्मान और स्पीड रिले इवेंट के फाइनल मुकाबलों के साथ किया जाएगा। इसके अलावा 24 से 26 जनवरी तक बाल प्रतिभागियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, साथ ही गोल्फ पुटिंग और ज़ुम्बा सत्र जैसी मनोरंजन एवं वेलनेस गतिविधियां भी आयोजित होंगी। टाटा स्टील क्लाइम्बिंग चैंपियनशिप 2026 भारत को स्पोर्ट क्लाइम्बिंग के एक उभरते वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में TSAF की प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।

