Breaking
Mon. Sep 21st, 2026

बिरसा चौक के पास हथियारों के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार, बड़ी वारदात की थी तैयारी

राँची। राजधानी राँची में बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने और हथियारों की सप्लाई की तैयारी कर रहे तीन आरोपियों को जगरनाथपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, दो जिंदा गोलियां, एक खाली मैगजीन और लाल-काले रंग की 220 पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के शास्त्री चौक निवासी आकाश कुमार वर्मा उर्फ शिवा वर्मा, गंगानगर निवासी संदीप कुमार प्रसाद उर्फ दाबुस और शास्त्री चौक, जतरा मैदान के पास रहने वाले रोहित कुमार सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर की रात करीब 9:50 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि तीन हथियारबंद युवक मोटरसाइकिल से बिरसा चौक स्थित इंडियन ऑयल इंद्रप्रस्थ पेट्रोल पंप के आसपास पहुंचे हैं। सूचना थी कि पेट्रोल पंप के पीछे जंगलनुमा क्षेत्र में हथियारों की सप्लाई की तैयारी चल रही है और आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम दे सकते हैं। सूचना मिलते ही एसएसपी के निर्देश पर जगरनाथपुर थाना पुलिस ने टीम गठित कर इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी।

पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए लाल-काले रंग की 220 पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से लोहे से बना एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, दो जिंदा गोलियां और एक खाली मैगजीन बरामद हुई। मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आकाश कुमार वर्मा उर्फ शिवा वर्मा का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सुखदेवनगर थाना में हत्या, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। संदीप कुमार प्रसाद उर्फ दाबुस के खिलाफ भी लूट, हत्या और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। वहीं रोहित कुमार सिंह के खिलाफ कोतवाली और सुखदेवनगर थाना में मारपीट, चोरी तथा अपहरण-हत्या जैसी गंभीर धाराओं में पूर्व से मामले दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास बरामद हथियार कहां से पहुंचे और इन्हें किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। पेट्रोल पंप के पीछे जंगलनुमा इलाके में हथियारों की कथित डील किसके साथ होनी थी और आरोपियों का किसी आपराधिक गिरोह से संपर्क है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। मामले में जगरनाथपुर थाना कांड संख्या 281/26, दिनांक 19 सितंबर 2026 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हथियारों के स्रोत और संभावित आपराधिक योजना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई में जगरनाथपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।

Related Post