Breaking
Tue. Sep 22nd, 2026

सारंडा में वन विभाग का बड़ा शिकंजा, 63 शिलपट लकड़ियां जब्त

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा वन प्रमंडल में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओड़िशा सीमा से सटे इलाके में 63 शिलपट लकड़ियों को जब्त किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई से तस्करों में अफरा-तफरी मच गई है।

जानकारी के अनुसार, सारंडा डीएफओ और संबंधित रेंजर के नेतृत्व में झारखंड वन विभाग की संयुक्त टीम का गठन किया गया था। इस टीम में समता वन प्रक्षेत्र, किरीबुरू, गुवा और मनोहरपुर के वनकर्मी शामिल थे। टीम ने लगातार दो दिनों तक क्षेत्र में रेकी कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और सोमवार से निगरानी शुरू की।

मंगलवार देर रात कार्रवाई करते हुए वन विभाग की टीम ने समता रेंज से लगभग 60 किलोमीटर दूर ओड़िशा सीमावर्ती क्षेत्र के नयागांव वन ग्राम-2 में छिपाकर रखी गई अवैध लकड़ियों को बरामद कर लिया। बताया जा रहा है कि तस्कर इन लकड़ियों को बिक्री के लिए तैयार कर रहे थे, हालांकि छापेमारी के दौरान वे मौके से फरार होने में सफल रहे।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में शामिल लोगों को चिन्हित कर वन अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि सारंडा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध लकड़ी तस्करी की शिकायतें मिलती रही हैं। इस कार्रवाई के बाद वन माफियाओं में हड़कंप है और विभाग ने आगे भी सघन जांच व छापेमारी अभियान जारी रखने की बात कही है।

Related Post