बोकारो। बालीडीह थाना क्षेत्र में हुए गंभीर मारपीट कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मिली जानकारी के अनुसार 11 दिसंबर 2025 को रेलवे कॉलोनी, कृष्णा बस्ती निवासी राजमणि यादव के आवेदन पर दर्ज कांड संख्या 351/25 में फरार चल रहे मुख्य आरोपी जैकी कालिन्दी उर्फ जैकी डोम को पुलिस ने कसमार थाना क्षेत्र के खैराचातर से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्राथमिकी में घटना के दिन संध्या करीब 6.30 बजे 10-12 की संख्या में हरवे हथियार से लैस अभियुक्तों ने घर में घुसकर पुराने विवाद को लेकर आवेदक के वृद्ध माता-पिता के साथ बेरहमी से मारपीट की थी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर लंबे समय तक अस्पताल में इलाजरत रहे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही इस कांड के दो आरोपी बबलु कालिन्दी एवं भोंदा कालिन्दी उर्फ मोहन कालिन्दी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। फरार आरोपी जैकी कालिन्दी की तलाश लगातार जारी थी, जिसे अंततः पुलिस ने दबोच लिया। इस कार्रवाई में छापामारी दल में पु०अ०नि० नित्यानंद भोक्ता, चन्द्रदेव कुमार, वीरमणि कुमार एवं आरक्षी लालदेव मोची शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप है।
हरवे हथियार से लैस हमलावरों ने बुजुर्ग दंपती को किया था लहूलुहान, फरार आरोपी जैकी कालिन्दी गिरफ्तार

