Breaking
Thu. Feb 5th, 2026

जमशेदपुर के उद्योगपति के बेटे कैरव गांधी लापता, सरायकेला में झाड़ियों से मिली क्रेटा कार

जमशेदपुर।शहथ में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बिष्टुपुर सीएच एरिया निवासी और शहर के जाने-माने उद्योगपति देवांग गांधी के 24 वर्षीय पुत्र कैरव गांधी रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए। कुछ ही घंटों बाद उनकी क्रेटा कार सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र से बरामद होने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, कैरव गांधी मंगलवार दोपहर करीब एक बजे अपने घर से क्रेटा कार लेकर निकले थे। दोपहर लगभग दो बजे के बाद से उनका मोबाइल फोन बंद हो गया और परिजनों से संपर्क टूट गया। लगातार प्रयास के बावजूद जब उनसे बात नहीं हो सकी तो परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कैरव गांधी का अंतिम मोबाइल लोकेशन सोनारी थाना क्षेत्र के आदर्श नगर इलाके में ट्रेस किया गया था। इसके बाद उनका मोबाइल सिग्नल उपलब्ध नहीं हो सका। इसी बीच देर शाम उनकी क्रेटा कार सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेड़ा के पास झाड़ियों में लावारिस हालत में बरामद की गई। कार मिलने के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेराबंदी कर जांच तेज कर दी है।

घटना की सूचना मिलते ही जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिस संयुक्त रूप से कार्रवाई में जुट गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन किया है। संभावित रास्तों और स्थानों पर सघन छापेमारी की जा रही है। साथ ही सोनारी, चांडिल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि कैरव गांधी की अंतिम गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

कैरव गांधी के पिता देवांग गांधी आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष हैं और आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में एम्पायर ऑटो प्राइवेट लिमिटेड (Empire Auto Pvt. Ltd.) सहित कई औद्योगिक प्रतिष्ठानों से जुड़े हुए हैं। गांधी परिवार को शहर का एक प्रतिष्ठित और रसूखदार परिवार माना जाता है। इसी कारण पुलिस व्यावसायिक लेन-देन, व्यक्तिगत संबंधों और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि कैरव गांधी लोयोला स्कूल के पूर्व छात्र रह चुके हैं। उनकी अचानक गुमशुदगी से परिवार में गहरी चिंता का माहौल है। परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द उनकी सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगाई है।

फिलहाल पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच हर एंगल से की जा रही है और जैसे-जैसे नई जानकारियां सामने आएंगी, उसी अनुसार कार्रवाई को और तेज किया जाएगा।

Related Post