जमशेदपुर। एमजीएम थाना पुलिस ने वाहन चोरी के लगातार बढ़ते मामलों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की घटनाओं में शामिल गिरोह का सफल उद्भेदन किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो नाबालिगों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह चोरी की मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस की यह सफलता हाल के दिनों में शहर और आसपास के इलाकों में हुई वाहन चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान मिली है।
मंगलवार को मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी बचनदेव कुचुर ने बताया कि 25 दिसंबर की रात बालीगुमा स्थित अभिलाषा कॉम्पलेक्स और वैष्णवी अपार्टमेंट से तथा 28 दिसंबर को डिमना स्थित जियो मार्ट के पास से अज्ञात चोरों द्वारा तीन मोटरसाइकिलों की चोरी की गई थी। इन घटनाओं को लेकर एमजीएम थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पटमदा डीएसपी और एमजीएम थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया, जिसने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई शुरू की।
छापामारी के दौरान गोकुलनगर निवासी सुप्रियो घोष को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने वाहन चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर उसके घर से दो चोरी की मोटरसाइकिल और उलीडीह थाना क्षेत्र से छीना गया एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया गया। आगे की पूछताछ में दो अन्य विधि विरुद्ध बालकों की भूमिका भी सामने आई, जिन्हें हिरासत में लिया गया। उनकी निशानदेही पर पोटका, गोलमुरी, आजादनगर, उलीडीह और बोड़ाम थाना क्षेत्रों से चार और चोरी की मोटरसाइकिल तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त सुप्रियो घोष को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि दोनों नाबालिगों को विधि सम्मत प्रक्रिया के तहत संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह पर बड़ी चोट लगी है और आगे भी ऐसे अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

