कोडरमा ।। सतगावां थाना अंतर्गत थाना मोड़ चेक पोस्ट के समीप शनिवार की सुबह जीएसटी को लेकर वाणिज्य कर विभाग ने कोयला लदा तीन ट्रक को जप्त किया है। वहीं तीनों ट्रक वाहन की निबंधन बीआर 21 जीसी 9301, जेएच 11यू 8593 एवं जेएच 11वाई 6092 है जो धनबाद से कोयला लेकर सतगावां के रास्ते बिहार की ओर जा रहा था। मामले को लेकर ड्राइवर खुर्शीद आलम (गिरिडीह) ने बताया कि कई माह से सतगावां के रास्ते कोयला लदे ट्रकों का परिचालन हो रहा था। जहां किसी भी थाने के पास कोड ठाकुर जी का नाम से पासिंग मिल जाता है और जहां सेटिंग नहीं होती है वहां कुछ रुपए देकर पास किया जाता है। साथ ही उन्होंने कहा कि जब से चल रहे हैं जीएसटी चालान नहीं देते हैं। पहली बार ट्रक को रोका गया है। ड्राइवर ने बताया विशेष जांच रहने के दौरान कोडरमा की ओर से चले जाते हैं। वहीं इस अवैध कोयले मामले को लेकर एक बात सामने आ रही है कि आखिर ठाकुर साहब कौन है जिसके कोड नाम ठाकुर साहब से ही पासिंग मिल जाता है। यह कौन सरगना है जो इस खेल में शामिल है, जिस थाने में जाते हैं उस थाने में सेटिंग किसके इशारे पर हो रही है। ठाकुर नाम से ही पुलिस पीछे हट जाती है। ट्रक ड्राइवर ने बताया कि इस कोयला लदा ट्रक का सारे कागजात विभाग वाले हमसे हस्ताक्षर करवा कर साथ ले कर चले गए हैं। इस मामले में थाना प्रभारी सौरव कुमार शर्मा ने बताया कि वाणिज्य कर विभाग की टीम ने ट्रक को पकड़कर थाने को सुपुर्द किया है।

