Breaking
Thu. Aug 27th, 2026

छोटानागपुर कॉलेज के पास खड़े ट्रक से टकराई बाइक, हेलमेट से टली बड़ी अनहोनी

राजनगर। सरायकेला–खरसावां जिले के हाता–चाईबासा मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह एक गंभीर सड़क दुर्घटना होते-होते टल गई। छोटानागपुर कॉलेज, हेंसल के समीप सुबह करीब साढ़े छह बजे तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गया।

हादसे में युवक को पैर और सिर में चोटें आई हैं, लेकिन राहत की बात यह रही कि उसने हेलमेट पहन रखा था, जिससे सिर पर गंभीर चोट नहीं आई। टक्कर के दौरान हेलमेट टूट गया, जो इस बात का संकेत है कि हेलमेट नहीं होता तो परिणाम कहीं अधिक गंभीर हो सकता था।

घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने मानवीय पहल दिखाते हुए 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।

घायल युवक की पहचान रूपाय सोरेन के रूप में हुई है, जो पोटका थाना क्षेत्र के कालिकापुर गांव का निवासी है। बताया गया कि वह सुबह अपने बच्चे से मिलने एकेडमिक स्कूल, राजनगर जा रहा था। इसी दौरान छोटानागपुर कॉलेज के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से उसकी बाइक टकरा गई।

रूपाय सोरेन ने बताया कि सुबह के समय सड़क पर जमी ओस के कारण दृश्यता कम थी, जिससे सामने खड़ा ट्रक स्पष्ट दिखाई नहीं दे सका और यह दुर्घटना हो गई।

Related Post