चांडिल।सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत चांडिल स्टेशन बस्ती में स्थित मोदी फास्ट फूड होटल में गुरुवार रात दस वर्षों से कार्यरत कारीगर नागरा सिंह (35) की रहस्यमय स्थिति में मौत हो गई। वह चालियामा गांव के रहने वाले थे । उनकी अचानक मौत से परिवार और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।
शुक्रवार सुबह जब होटल का स्टाफ उन्हें जगाने पहुंचा, तो देखा कि नागरा सिंह बेसुध पड़े हैं और उनके नाक से झाग निकल रहा है। इसे देखते हुए प्रारंभिक रूप से आशंका जताई गई कि मौत हार्ट अटैक या किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई हो सकती है। सूचना मिलते ही होटल मालिक बाबन मोदी तुरंत मौके पर पहुंचे। स्टाफ की मदद से उन्होंने नागरा सिंह को टेंपू से चांडिल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद पुलिस की उपस्थिति में शव को पोस्ट-मॉर्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा गया। नागरा सिंह के अचानक निधन से उनका परिवार टूट गया है। दो वर्ष पहले उनका विवाह हुआ था और उनकी एक छोटी बेटी भी है। परिवार में पत्नी, सास और एक भाई शामिल हैं।
घटना की सूचना पाकर लूपुंगडीह पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि भोला सिंह सरदार, समाजसेवी निखिल रंजन महतो और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे। नीमडीह थाना पुलिस ने होटल मालिक और स्टाफ से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्ट-मॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही संभव होगा।

