चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित बरकंदाज टोली स्थित बान टोला अखाड़ा में बुधवार को आदिवासी उरांव समाज संघ, चाईबासा की ओर से बान टोला, मेरी टोला, चित्रो टोला और पुलहातु के गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद बुजुर्गों के बीच 150 कंबलों का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम संघ के अध्यक्ष संचू तिर्की ने अपनी दिवंगत पत्नी और पुत्र की स्मृति में आयोजित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बुजुर्ग शामिल हुए।
संचू तिर्की ने बताया कि उनकी पत्नी और पुत्र अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन दोनों ने जीवन में काफी संघर्ष किया था। उनके संघर्ष को याद रखने और उनकी स्मृति को जीवित रखने के उद्देश्य से वे पिछले 12 वर्षों से हर साल ठंड के मौसम में कंबल वितरण करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ठंड में गरीब और बेसहारा बुजुर्गों को राहत पहुंचाना है, ताकि उनके प्रियजनों की आत्मा को शांति मिले।
कंबल वितरण कार्यक्रम में समाज के कई सदस्य और स्थानीय लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में कमिटी के सलाहकार बाबूलाल बरहा, मुखिया लालू कुजूर, सामाजिक कार्यकर्ता गणेश कच्छप, महावीर बरहा, तेजो कच्छप, राजेंद्र कच्छप, पूर्व पार्षद लक्ष्मी कच्छप, निर्मला लकड़ा, सावित्री कच्छप, जगरनाथ टोप्पो, दशरथ कुजूर, भोला कुजूर सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
स्थानीय लोगों ने संचू तिर्की के इस सामाजिक कार्य की सराहना की और कहा कि इस तरह के प्रयास समाज में सहयोग और संवेदना की भावना को मजबूत करते हैं। बुजुर्गों ने भी कंबल पाकर संतोष जताया और संचू तिर्की व उनकी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

