चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित मुफस्सिल थाना क्षेत्र में 50 वर्षीय पारा शिक्षक मुकरु देवगम की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मुकरु देवगम पुराना चाईबासा के बारी पोखरिया के निवासी थे और टोंटो प्रखंड के पूरना पानी स्थित सुंडी सुरुनिया उत्क्रमित विद्यालय में पारा शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। शुक्रवार को वह रोज की तरह स्कूल गए और सभी कक्षाओं का संचालन भी किया, लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं लौटे। रातभर परिजन उनकी तलाश में परेशान रहे।
शनिवार सुबह मोबाइल पर सूचना मिली कि पूरना पानी बाजार के पास एक शव पड़ा है। परिजन मौके पर पहुंचे तो पाया कि वह मुकरु का शव है और पुलिस पहले से वहां मौजूद थी।
परिजनों ने बताया कि मुकरु की शादी सदर प्रखंड के टेकरा हातु की मुक्त देवगम से हुई थी, जो दो वर्ष पहले घर छोड़कर चली गई थी और अब तक नहीं लौटी है। परिवार वालों ने बताया कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। मुकरु की एक बेटी भी है।
परिजनों का कहना है कि मुकरु का किसी से कोई विवाद नहीं था। वह शांत स्वभाव और व्यवहारिक इंसान थे। जुआ नहीं खेलते थे, केवल हल्का नशा करते थे। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि किसने और क्यों उनकी हत्या की।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

