Breaking
Sun. May 10th, 2026

जमशेदपुर में नवजात बच्ची का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

जमशेदपुर। मानवता को झकझोर देने वाला मामला परसुडीह थाना क्षेत्र के ग्वालापट्टी दुर्गा बाड़ी इलाके से सामने आया है। शनिवार की शाम एक खंडहरनुमा झोपड़ी से नवजात बच्ची का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। खेलते-खेलते झोपड़ी के पास पहुंचे कुछ बच्चों की नजर जब शव पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्राथमिक अनुमान है कि कोई इस बच्ची को जन्म के तुरंत बाद यहां फेंक कर फरार हो गया। नवजात के शव पर कपड़ा भी नहीं था, जिससे अंदेशा है कि जन्म के कुछ ही समय बाद उसे मरने के लिए छोड़ दिया गया होगा।

पुलिस इस पूरे मामले में प्रेम प्रसंग, अवैध संबंध और कन्या भ्रूण हत्या की आशंका के आधार पर जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। साथ ही नजदीकी अस्पतालों और नर्सिंग होम्स में भी पूछताछ की जा रही है कि हाल में किसी ने प्रसव कराया हो या ऐसी कोई संदिग्ध जानकारी मिली हो।

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा रोष और चिंता का माहौल है। वे इसे समाज के लिए शर्मनाक बताते हुए कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि दोषी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा।

फिलहाल नवजात के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी।

Related Post