Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

सरयू राय का सरकार पर हमला: उपलब्धि कार्यक्रमों की घोषणाएँ और ज़मीनी हकीकत में गहरी खाई

जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सरकार की दूसरी पारी के एक वर्ष पूर्ण होने पर सरकार की घोषणाओं को खोखला करार देते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सरकार सालगिरह के अवसर पर उपलब्धि कार्यक्रमों का पिटारा खोलकर अपनी पीठ तो थपथपा सकती है, लेकिन वास्तविकता यह है कि जिन योजनाओं को पहले शुरू किया गया, वे ही आज दम तोड़ती नज़र आ रही हैं। यदि इन पर ध्यान नहीं दिया गया तो वर्तमान में घोषित कार्यक्रम भी निष्प्रभावी हो जाएंगे।

राय ने कहा कि ‘सरकार आपके द्वार’ अभियान में सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत समस्याओं के समाधान की बात की जा रही है, जबकि राज्य मुख्यालय से लेकर जिला और प्रखंड स्तर तक यह अधिनियम पूरी तरह निष्प्राण हो चुका है। कार्यालयों में अधिकार संबंधी जानकारी देने वाले पट्ट तक नहीं लगे, हज़ारों आवेदन लंबित पड़े हैं और लोग आज भी समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने को विवश हैं।

उन्होंने नगर निगमों और परिषदों को दिए गए 15वें वित्त आयोग की राशि के उपयोग पर भी सवाल उठाए। राय ने उदाहरण देते हुए कहा कि कदमा का कन्वेंशन सेंटर और साकची स्थित डीएम लाइब्रेरी भवन करोड़ों रुपये खर्च कर वर्षों पहले बनकर तैयार हो गए, पर उपयोग में न आने से आज जर्जर हालत में हैं।

उन्होंने डीएमएफटी और स्वास्थ्य विभाग में हो रही अनियमितताओं पर भी सरकार का ध्यान आकर्षित किया और कहा कि यदि मुख्यमंत्री इन पर निगाह नहीं डालेंगे तो सरकारी धन यूं ही व्यर्थ जाता रहेगा। घोषणाएँ मुख्यालय में होती रहेंगी और जमीनी स्तर पर योजनाएँ कब्रगाह बनती रहेंगी।

Related Post