Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

टाटा स्टील के मैंगनीज़ माइंस को एफआईसीसीआई अवार्ड में गोल्ड, खनन क्षेत्र में सुरक्षा को बनाया जीवन मंत्र

जमशेदपुर: टाटा स्टील की फेरो अलॉय एवं मिनरल्स डिवीजन (FAMD) के अंतर्गत आने वाले मैंगनीज़ ग्रुप ऑफ माइंस (MGM) ने सुरक्षा प्रबंधन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 11वें एफआईसीसीआई अवार्ड्स फॉर एक्सीलेंस इन सेफ्टी सिस्टम्स में गोल्ड अवार्ड हासिल किया है।यह जानकारी शुक्रवार को टाटा स्टील द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है। जिसमें बताया गया है कि ओडिशा के क्योंझर जिले के जोगा क्षेत्र में संचालित इन खदानों को सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार उन्नत मानकों पर काम करने के लिए सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह में टाटा स्टील की ओर से शंभुनाथ झा, चीफ, माइंस (FAMD) और संतोष कुमार राउत, सीनियर एरिया मैनेजर, सेफ्टी, माइंस (FAMD) ने अवार्ड प्राप्त किया। ये अवार्ड उन्हें संदीप सदानंद कुम्भार, तकनीकी सलाहकार (बॉयलर) एवं सचिव, केंद्रीय बॉयलर बोर्ड, उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग, भारत सरकार के हाथों प्रदान किया गया। इस दौरान श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के संयुक्त सचिव आलोक मिश्रा भी उपस्थित थे।

लंबे समय से संचालनरत MGM ने टाटा स्टील की सतत एवं जिम्मेदार खनन की प्रतिबद्धता को मजबूत करते हुए सुरक्षा को हर कर्मचारी और हितधारक की जीवन शैली का हिस्सा बनाया है। इस समूह में जोड़ा वेस्ट, खोंडबोंड, बामेबाड़ी और तिरिंगपहाड़ मैंगनीज़ खान शामिल हैं, जो पूरी तरह यंत्रीकृत ओपनकास्ट खनन परिचालन के माध्यम से टाटा स्टील के फेरो-एलॉय संयंत्रों समेत अन्य ग्राहकों को मैंगनीज़ अयस्क की आपूर्ति करती हैं।

टाटा स्टील सुरक्षा प्रबंधन को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप एक सुव्यवस्थित, तकनीक आधारित और समग्र दृष्टिकोण के साथ लागू करता है। कंपनी ‘जीरो हार्म’ के लक्ष्य की दिशा में नेतृत्व की सक्रिय भूमिका, डिजिटल परिवर्तन और कर्मचारियों की सहभागिता को केंद्र में रखकर लगातार आगे बढ़ रही है।

यह उपलब्धि न सिर्फ टाटा स्टील की सुरक्षा संस्कृति को रेखांकित करती है, बल्कि भारत के औद्योगिक विकास और कच्चे माल में आत्मनिर्भरता के प्रयासों में भी महत्वपूर्ण योगदान को दर्शाती है।

Related Post