गिरिडीह: जिले के बिरनी थाना क्षेत्र स्थित गादी गांव में सोमवार तड़के जंगली हाथियों के उत्पात ने गांव वालों में दहशत फैला दी। हाथियों के हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों की पहचान शांति देवी और बोधी पंडित के रूप में की गई है। घायल सुदामा देवी, जो पेशम गांव की निवासी हैं, को गिरिडीह अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना उस समय हुई जब शांति देवी और बोधी पंडित सुबह अपने खलिहान की ओर जा रहे थे। रास्ते में हाथियों के झुंड ने उन पर धावा बोल दिया और उन्हें कुचल दिया। इसी दौरान सुदामा देवी भी हमले की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और बरकट्ठा ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। क्षेत्र के उप प्रमुख शेखर सुमन ने हाथियों को मानव बस्तियों से सुरक्षित तरीके से दूर ले जाने की तत्काल व्यवस्था की मांग की है।
इधर, घटना के बाद ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और घायल के इलाज की संपूर्ण व्यवस्था की मांग की है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को प्रारंभिक मुआवजा उपलब्ध करा दिया गया है, जबकि आगे की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। वहीं, हाथियों को सुरक्षित रूप से क्षेत्र से बाहर निकालने के लिए वन विभाग की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

