Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

जगन्नाथपुर में पुलिस की सक्रियता से अवैध हथियार सहित युवक गिरफ्तार

जगन्नाथपुर।पश्चिम सिंहभूम जिला में मंगलवार, 11 नवंबर की दोपहर करीब 1:30 बजे जगन्नाथपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि जैंतगढ़ बाजार के पास दो युवक देशी कट्टा लेकर लोगों को भयभीत कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई।

अवर निरीक्षक विश्वनाथ हेम्ब्रम, इसरारुल हक और सशस्त्र बलों की टीम तुरंत जैंतगढ़ बाजार टांड़ पहुंची। पुलिस को देखते ही दोनों युवक नदी की ओर भागने लगे। इस दौरान एक युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरा युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

गिरफ्तार युवक की पहचान राहुल कारवां (19 वर्ष), पिता स्व. मनु कारवां, निवासी हाट टांडी, जैंतगढ़, थाना जगन्नाथपुर, जिला पश्चिम सिंहभूम के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से लकड़ी की बट वाला लोहे का देशी कट्टा बरामद किया गया।

इस संबंध में जगन्नाथपुर थाना में कांड संख्या 66/25, दिनांक 11.11.2025, धारा 25(1-B)a/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार युवक की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

थाना प्रभारी अविनाश हेम्ब्रम ने बताया कि इलाके में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस टीम नियमित गश्त और सघन निगरानी अभियान जारी रखेगी।

Related Post