Breaking
Thu. Aug 6th, 2026

बागुननगर में सांड का आतंक, शिक्षिका पर हमला कर तोड़ी कलाई

जमशेदपुर। रविवार को ब्राह्मणी रोड बागुननगर में हुए हमले में एक अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल शिक्षिका धीरज कौर की कलाई की हड्डी टूट गई है। उन्हें इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है।

घटना उस समय हुई जब शिक्षिका अपने पति, अधिवक्ता एवं राजद नेता कुलबिंदर सिंह के साथ स्कूटी पर बागुननगर से गुजर रही थीं। उसी दौरान सड़क पर दो सांड आपस में भीषण रूप से लड़ रहे थे। स्थिति को देखते हुए अधिवक्ता ने स्कूटी किनारे कर दी, लेकिन अचानक एक सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड के सींग उनके बांह में जा लगे और फिर उसने पीछे बैठी उनकी पत्नी पर भी हमला कर दिया। धक्का लगने से शिक्षिका सड़क पर गिर पड़ीं।

गनीमत रही कि आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बांसों से सांड को खदेड़ दिया, जिससे वह और हमला नहीं कर सका। इसके बाद घायल शिक्षिका को स्थानीय लोगों की मदद से टीएमएच पहुंचाया गया, जहां एक्स-रे रिपोर्ट में कलाई की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई।

Related Post