Breaking
Fri. Mar 6th, 2026

कोवाली में ब्राउन शुगर तस्कर गिरफ्तार, एक लाख की नशीली पदार्थ बरामद

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र में पुलिस को नशे के कारोबार पर बड़ी सफलता मिली है। रविवार दोपहर करीब 12 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक को ओडिशा रोड स्थित नागा पुलिया के पास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा, जिसे टीम ने पीछा कर दबोच लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मोहम्मद मोहसिन नदीम, निवासी हल्दीपोखर पश्चिम बताया। तलाशी लेने पर उसकी जींस की जेब से 30 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। बरामद नशे का वजन करीब 5.7 ग्राम और अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस पूछताछ में मोहसिन ने स्वीकार किया कि वह जमशेदपुर से ब्राउन शुगर लाकर आसपास के ग्रामीण इलाकों में सप्लाई करता है और इससे मोटी कमाई करता है। उसने यह भी खुलासा किया कि इस कारोबार में उसके साथ सात से आठ अन्य साथी भी जुड़े हुए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुट गई है।

पुलिस ने मोहसिन नदीम के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस कार्रवाई में मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक, अवर निरीक्षक धनंजय कुमार पासवान, सिदो मुर्मू सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस अब तस्कर के नेटवर्क की कड़ी जांच कर रही है।

Related Post