धनबाद। जिले के जोगता थाना क्षेत्र के सिजुआ 06/10 न्यू कॉलोनी में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक दंपति और उनकी दो वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दैनिक मजदूरी करने वाले 25 वर्षीय राजा अंसारी, उनकी 20 वर्षीय पत्नी अमीना खातून और बेटी मायरा का शव उनके घर से बरामद किया गया।
मंगलवार की शाम करीब 7:15 बजे राजा कतरास से मजदूरी कर घर लौटा था। कुछ देर बाद गली से गुजर रहे लोगों ने देखा कि पति-पत्नी और बच्ची घर के अंदर जमीन पर पड़े हैं। तत्काल जोगता पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि राजा और अमीना की मौत हो चुकी थी, जबकि बच्ची मायरा को कतरास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जोगता थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने घटनास्थल से एक बर्तन में संदिग्ध घोल बरामद किया है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। तीनों शवों को धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है, जहां बुधवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। कुछ का मानना है कि घर में लगे बिजली तार की चपेट में आने से पहले अमीना और मायरा की मौत हुई, और उन्हें बचाने की कोशिश में राजा भी करंट की चपेट में आ गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि दोनों ही पहलुओं पर जांच जारी है और जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी।
जानकारी के अनुसार, मृतक दंपति कुछ दिन पहले ही तेतुलमुड़ी दाऊद नगर बस्ती से सिजुआ कॉलोनी में किराए के मकान में रहने आया था। राजा के पिता जमाल अंसारी और माता रजिया खातून दाऊद नगर में रहते हैं। राजा पहले माता-पिता के साथ ही रहता था, लेकिन पारिवारिक तनाव और झगड़ों के चलते लगभग पांच दिन पहले वह पत्नी और बेटी के साथ अलग रहने लगा था। बताया गया कि राजा की ससुराल बोकारो जिले में है।
एक साथ तीन लोगों की इस दर्दनाक मौत से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और पुलिस मामले की हर संभव जांच में जुट गई है ताकि घटना की असल वजह का पता लगाया जा सके।

