जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम प्रखंड में शुक्रवार को वज्रपात की चपेट में आने से दो किसानों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना बोड़ाम थाना क्षेत्र के नामशोल गांव में दोपहर लगभग एक बजे की है, जब अचानक बदले मौसम ने जानलेवा रूप ले लिया।
जानकारी के अनुसार, नामशोल गांव निवासी चक्रधर कुंभकार (50) और प्रभास सिंह (48) गोभी के खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई और देखते ही देखते ठनका गिर गया। वज्रपात की चपेट में आने से दोनों खेत में ही गिर पड़े और बेहोश हो गए।
परिजन तत्काल उन्हें उठाकर बोड़ाम के चिरुडीह नर्सिंग होम ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

