जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा गठित टास्क फोर्स ने गुरुवार को कपाली क्षेत्र के कई स्थानों पर छापेमारी कर बालश्रम में लिप्त चार बच्चों को रेस्क्यू किया। बाल कल्याण समिति की देखरेख में इन बच्चों को अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया गया।
कपाली क्षेत्र में कबाड़ गोदामों में बच्चों से काम कराए जाने की सूचना जिला प्रशासन को एक न्यूज पोर्टल के माध्यम से मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डालसा सचिव सरायकेला ने श्रम विभाग और बाल कल्याण समिति को कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद टास्क फोर्स ने ताड़ीपत्थर डोबो पुलिया, अली मस्जिद के पास बंधुबेडा और ताज़नगर सहित पाँच स्थानों पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान कुल चार बच्चे बालश्रम से मुक्त कराए गए। सभी की उम्र 14 वर्ष से अधिक पाई गई। बाल कल्याण समिति ने बच्चों को उनके अभिभावकों के हवाले कर दिया।
टास्क फोर्स सदस्य सैयद आयाज़ हैदर ने बताया कि कबाड़ गोदाम संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई है कि वे नाबालिग बच्चों से काम न कराएं। साथ ही अपने प्रतिष्ठानों के गेट पर यह बैनर लगाने का निर्देश दिया गया कि यहाँ बाल श्रमिक से काम नहीं कराया जाता है।

