जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में एक फर्जी सिक्योरिटी एजेंसी के नाम पर युवाओं से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। शिव सिंह बागान इलाके में चल रहे इस कथित कार्यालय में सोमवार को उस वक्त हंगामा मच गया जब दर्जनों युवाओं ने वहां पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीन लोगों को हिरासत में लिया है और जांच जारी है।
यह एजेंसी ‘G4S सिक्योर सॉल्यूशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ के नाम पर संचालित की जा रही थी। आरोप है कि यहां युवाओं को सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी का झांसा देकर प्रति व्यक्ति 5,000 रुपये लिए जा रहे थे। जब उम्मीदवारों ने नौकरी की मांग की तो उन्हें लगातार टालने की कोशिश की गई।
स्थानीय लोगों को जब इस फर्जीवाड़े की भनक लगी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि अब तक दर्जनों युवा इस ठगी के शिकार हो चुके हैं। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड कौन है और क्या इस पूरे रैकेट के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।
फिलहाल पुलिस द्वारा संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है और एजेंसी के वैधता की भी पड़ताल की जा रही है। यह देखना अब बाकी है कि क्या पुलिस इस फर्जीवाड़े की परतें खोल पाएगी या मामला दबा दिया जाएगा।

