Breaking
Tue. Oct 6th, 2026

कोडरमा घाटी में दो ट्रेलरों की जोरदार भिड़ंत, चालक की मौके पर मौत

कोडरमा। रांची-पटना मुख्य मार्ग स्थित कोडरमा घाटी में रविवार की आधी रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मेघातरी काली मंदिर के पास करीब 12 बजे दो ट्रेलरों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में एक ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्रेलर का चालक क्षतिग्रस्त केबिन में फंस गया। पुलिस और राहत दल ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों ट्रेलर रांची की ओर से बिहार की तरफ जा रहे थे। मेघातरी के पास घाटी के ढलान पर पीछे चल रहे ट्रेलर का अचानक ब्रेक फेल हो गया। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन वह आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि आगे वाले ट्रेलर का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में उसके शरीर के दो हिस्से हो गए।

दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और दुकानदार मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर कोडरमा घाटी हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य सागर कुमार गिरी भी अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में पुलिस का सहयोग किया।

काफी प्रयास के बाद दूसरे ट्रेलर के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मृतक के शव और घायल चालक को सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल दोनों चालकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Related Post