Breaking
Mon. Oct 26th, 2026

कोडरमा में करंट लगने से दो बच्चों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

कोडरमा। डोमचांच थाना क्षेत्र के मधुवन गांव में गुरुवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया, जब घर के लोहे के दरवाजे में करंट आने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में 10 वर्षीय सरस्वती कुमारी और 3 वर्षीय लड्डू सिंह शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, लड्डू सिंह अपने पड़ोसी मैनेजर सिंह के घर उनकी बेटी सरस्वती के साथ खेलने गया था। खेल के दौरान दोनों बच्चे लोहे के दरवाजे के संपर्क में आ गए और करंट की चपेट में आकर बेहोश होकर गिर पड़े। कुछ देर बाद सरस्वती की बड़ी बहन कल्याणी वहां पहुंची। जैसे ही उसने दरवाजा छुआ, उसे भी करंट का झटका लगा, लेकिन वह किसी तरह बच गई और जोर-जोर से चिल्लाकर आसपास के लोगों को बुलाया।

परिजन और पड़ोसी जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण मैनेजर सिंह के घर में बिजली का अर्थिंग लीकेज हो गया था, जिससे लोहे के दरवाजे और खिड़कियों में करंट फैल गया।

इस हृदयविदारक घटना से गांव में मातम छा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

Related Post