Breaking
Mon. Oct 26th, 2026

नीमडीह में एक और मादा हाथी की रहस्यमयी मौत, वन विभाग अलर्ट मोड में

नीमडीह।सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल रेंज क्षेत्र में हाथियों की रहस्यमय मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार सुबह नीमडीह थाना क्षेत्र में एक मादा हाथी मृत पाई गई, जिससे वन विभाग और स्थानीय लोगों के बीच चिंता का माहौल गहरा गया है।

नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत हेवेन गांव स्थित सरदार टोला के सामने बुधवार तड़के लगभग 4 बजे एक मादा हाथी की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, यह हाथी चार सदस्यीय झुंड का हिस्सा थी। चांडिल रेंज के फॉरेस्टर राणा प्रताप महतो ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह इस झुंड की दूसरी मादा है जिसकी मृत्यु हुई है।

मृत हाथी के शव को वन विभाग द्वारा बरामद कर लिया गया है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हाथी की मौत के स्पष्ट कारणों का खुलासा अभी नहीं हो सका है, लेकिन विभागीय सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले भी इसी क्षेत्र में एक अन्य हाथी की रहस्यमय तरीके से मौत हुई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से वन विभाग की सतर्कता पर सवाल उठने लगे हैं, वहीं क्षेत्रीय पर्यावरणीय परिस्थितियों पर भी संदेह जताया जा रहा है।

हाथियों की रहस्यमयी मौतों ने वन विभाग को चिंतित कर दिया है। विभाग की ओर से इलाके की गश्ती और निगरानी बढ़ा दी गई है। इधर, स्थानीय ग्रामीण भी वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जता रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

Related Post