Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

राजनगर के मुरमूडीह गांव में पति ने पत्नी की हत्या कर दी, आरोपी फरार

राजनगर।सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के मुरमूडीह गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां रविवार की रात एक सनकी पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मुरमूडीह माझी टोला निवासी सीताराम मार्डी ने रात लगभग दो बजे अपनी पत्नी फुलमनी मार्डी के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया, जब वह गहरी नींद में सो रही थी। वारदात के वक्त घर के अन्य सदस्य भी सो रहे थे और किसी को इस घटना की भनक तक नहीं लगी।

सोमवार की सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो उन्होंने फुलमनी को खटिया पर मृत अवस्था में पाया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। राजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद से ही आरोपी पति सीताराम मार्डी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

परिजनों ने बताया कि सीताराम मार्डी की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी। मृतका फुलमनी मार्डी का मायका पश्चिम बंगाल के डेबरा थाना क्षेत्र में है। घटना की सूचना फुलमनी के मायके वालों को भी दे दी गई है। राजनगर थाना प्रभारी चंचल कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई है और लोग स्तब्ध हैं। राजनगर पुलिस के अनुसार हत्या के आरोपी मृतिका के पति के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Related Post