Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

सरायकेला: तेज रफ्तार ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत, अस्पताल ले जाते वक्त तोड़ा दम

सरायकेला: ईचागढ़ थाना क्षेत्र के जरवा गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रैक्टर पलट जाने से चालक उसके नीचे दब गया। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 24 वर्षीय आसन समासी के रूप में हुई है, जो तमाड़ थाना क्षेत्र के मराईंगपीड़ी गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ महीनों से ईचागढ़ में रहकर ट्रैक्टर चालक का काम कर रहा था। मंगलवार को वह ट्रैक्टर में बालू लोड कर सप्लाई देने जा रहा था। इसी दौरान जरवा गांव के पास एक बड़े बंपर पर ब्रेक लगाते ही ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया, जिससे चालक उसी में दब गया।

घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, एमजीएम अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इधर, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक के परिवार को हादसे की सूचना दे दी गई है। इस दुर्घटना से इलाके में शोक की लहर है।

Related Post