चाईबासा। झारखंड स्थापना दिवस और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शुक्रवार को जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें 15 नवंबर को आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, समाहरणालय परिसर और अन्य सरकारी भवनों में विशेष साफ-सफाई के साथ आकर्षक सजावट कराई जाए। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस के मौके पर जिले में उत्सव और गौरव का वातावरण दिखाई देना चाहिए।
बैठक में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं और आसपास के क्षेत्रों की सफाई, रंग-रोगन तथा सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान झारखंड की पहचान, स्वाभिमान और जनजातीय गौरव से जुड़ा है। इसलिए उनकी जयंती पर सभी संबंधित स्थलों को बेहतर तरीके से तैयार किया जाए।
जिले में सामाजिक सहभागिता बढ़ाने के लिए रक्तदान शिविर और विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि स्थापना दिवस और बिरसा जयंती का आयोजन गरिमामय तरीके से हो सके।

