चाईबासा: एसीसी अडानी सीमेंट प्लांट में वर्षों से काम कर रहे मजदूरों और मशीन संचालकों को सालाना छुट्टी एवं मुआवजा का लाभ दिलाने की मांग को लेकर गुरुवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के युवा नेता एवं रैयत तुराम बिरुली के नेतृत्व में संबंधित अधिकारियों को आवेदन सौंपा गया। यह पहल मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक के दिशा-निर्देश पर की गई।
आवेदन में मजदूरों ने बताया कि वे वर्ष 2002 से एसीसी सीमेंट प्लांट में काम कर रहे हैं। शुरुआत में उन्हें मनीष इंटरप्राइजेज और समीर कुमार सहाय के माध्यम से काम पर रखा गया था। इसके बाद जनवरी 2021 से यूनाइटेड एयर एक्सप्रेस कंपनी के अंतर्गत मजदूरों और मशीन संचालकों से काम लिया जा रहा है।
मजदूरों का कहना है कि प्लांट में दूसरी ठेका कंपनियों के माध्यम से काम करने वाले मजदूरों को सालाना छुट्टी और मुआवजा का लाभ दिया जा रहा है, लेकिन यूनाइटेड एयर एक्सप्रेस कंपनी के अंतर्गत काम करने वाले मजदूरों और मशीन संचालकों को इन सुविधाओं से वंचित रखा गया है।
इसी समस्या को लेकर 5 नवंबर 2026 को अनुमंडल पदाधिकारी, कारखाना निरीक्षक और श्रम अधिकारी के कार्यालय में आवेदन सौंपकर मजदूरों की समस्याओं से अवगत कराया गया।
मजदूरों ने मांग की है कि वर्षों से प्लांट में सेवा दे रहे सभी प्रभावित मजदूरों और मशीन संचालकों को बिना किसी भेदभाव के सालाना छुट्टी एवं मुआवजा का लाभ दिया जाए। साथ ही उनकी समस्या का जल्द समाधान किया जाए।
इस मौके पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के प्रमंडल महासचिव करण महतो, युवा अध्यक्ष अजय कुमार, बीकेएमएस जिला अध्यक्ष अर्जुन मालवा, जय देवगम, दीपू, संजय, अनिल सहित मोर्चा के सक्रिय सदस्य तुराम बिरुली मौजूद थे।

