जमशेदपुर। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम में आभूषण कारोबारी से हुई लूट की जांच करते हुए पुलिस ने जमशेदपुर के जुगसलाई तक पहुंच बनाई है। बुधवार को छत्तीसगढ़ पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई कर जुगसलाई में छापेमारी की और करीब एक किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए। लूट के आभूषण खरीदने के संदेह में पुलिस ने जुगसलाई के सुरेश कुमार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की यह कार्रवाई लूटकांड में पहले से गिरफ्तार एक आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर की गई। छत्तीसगढ़ पुलिस उसे अपने साथ लेकर जुगसलाई पहुंची थी। पूछताछ में मिली निशानदेही के बाद स्थानीय पुलिस की मदद से संबंधित ठिकाने पर छापेमारी की गई। बरामद जेवरात को पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को तीन दिनों की रिमांड पर लेकर छत्तीसगढ़ ले जाने की तैयारी की जा रही है।
लूट की घटना 27 अक्टूबर को कबीरधाम जिले में हुई थी। पांडातराई निवासी आभूषण कारोबारी वेदप्रकाश सोनी तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र के मछरीरेवार मंदिर घाटी से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ डंडे से मारपीट की और चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए थे।
वारदात के बाद कबीरधाम पुलिस ने जांच के क्रम में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनके पास से करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात, 1500 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर बाइक बरामद हुई थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि लूटे गए आभूषणों की खरीद-बिक्री में और कौन-कौन लोग शामिल थे। जुगसलाई से हुई बरामदगी के बाद इस मामले में जमशेदपुर कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है।

