Breaking
Fri. Nov 6th, 2026

पोटका के तीन गांवों में अवैध शराब की भट्ठियों पर उत्पाद विभाग का छापा, 8 हजार किलो जावा महुआ नष्ट

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने बुधवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान रानीकुदर, शंकरदा और लोवाडीह गांवों में नदी किनारे संचालित अवैध शराब की भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई में शराब बनाने के लिए तैयार करीब 8 हजार किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया, जबकि 150 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई।

यह अभियान जिले के सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर घाटशिला प्रक्षेत्र के निरीक्षक उत्पाद रामदास भगत के पर्यवेक्षण में चलाया गया। विभाग की टीम ने तीनों गांवों में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के ठिकानों को चिह्नित कर एक साथ कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान शराब निर्माण में इस्तेमाल की जा रही भट्ठियों को पूरी तरह तोड़ दिया गया। साथ ही मौके पर मौजूद जावा महुआ को नष्ट कर दिया गया, ताकि उससे शराब तैयार नहीं की जा सके।

उत्पाद विभाग की टीम के पहुंचते ही अवैध शराब की भट्ठियों का संचालन करने वाले लोग मौके से फरार हो गए। इसके कारण किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। हालांकि विभाग ने अवैध शराब निर्माण और बिक्री में शामिल संचालकों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फरार आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया जा रहा है।

Related Post