जमशेदपुर। मानगो के शंकोसाई स्थित केदार बगान के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पारिवारिक विवाद और आर्थिक तंगी से परेशान एक महिला ने अपनी तीन बच्चियों के साथ कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चारों की हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला अपने परिवार की आर्थिक परेशानियों और घरेलू कलह को लेकर काफी तनाव में थी। इसी मानसिक और पारिवारिक दबाव के बीच उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। घटना की जानकारी महिला के पड़ोसी अजय कुमार को मिली। उन्होंने बिना देर किए महिला और तीनों बच्चियों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। समय रहते अस्पताल पहुंचाए जाने से चारों को उपचार उपलब्ध कराया जा सका।
घटना की सूचना मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता विकास सिंह भी मामले को लेकर सक्रिय हुए। उन्होंने एमजीएम अस्पताल में इलाज की व्यवस्था पर असंतोष जताते हुए अस्पताल अधीक्षक को पूरे मामले से अवगत कराया और महिला तथा तीनों बच्चियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से चारों की स्थिति पर विशेष ध्यान देने और इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का आग्रह किया।
इस घटना पर चिंता जताते हुए विकास सिंह ने कहा कि एक मां का अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ इस हद तक मजबूर हो जाना समाज और व्यवस्था के लिए गंभीर सवाल है। उन्होंने कहा कि एक ओर देश में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा दिया जाता है, वहीं दूसरी ओर आर्थिक बदहाली और पारिवारिक समस्याओं के कारण परिवार इस तरह के संकट में पहुंच रहे हैं। यह बेहद चिंताजनक स्थिति है।
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को केवल आत्महत्या के प्रयास के रूप में देखने के बजाय इनके पीछे छिपी पारिवारिक, सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों पर भी गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। संकट में घिरे परिवारों तक समय पर सहायता और परामर्श पहुंचाना जरूरी है।

