Breaking
Tue. Nov 3rd, 2026

सूर्य मंदिर समिति की आम सभा में वरिष्ठ भाजपा नेता और समिति के महत्वपूर्ण सदस्य चंद्रशेखर मिश्रा को दी गई श्रद्धांजलि, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बताया व्यक्तिगत क्षति

जमशेदपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सूर्य मंदिर समिति के महत्वपूर्ण सदस्य स्व. चंद्रशेखर मिश्रा के आकस्मिक निधन पर सूर्य मंदिर समिति की आम सभा में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान समिति के सदस्यों ने उनके सामाजिक, आध्यात्मिक, राजनीतिक एवं संगठनात्मक योगदान को याद करते हुए उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

इस दौरान राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास ने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा का संगठन मजबूती, सामाजिक कार्यों और समाजसेवा में महत्वपूर्ण योगदान रहा। भालूबासा शीतला मंदिर एवं बस्ती विकास समिति के अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने समाज के बीच सक्रिय भूमिका निभाई। वे एक ऐसे व्यक्तित्व थे, जिनमें राजनीतिक समझ, सामाजिक सरोकार और आध्यात्मिक विचारों का सुंदर संगम था। उनका पूरा जीवन संगठन, समाजसेवा और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने चंद्रशेखर मिश्रा के साथ भालूबासा से राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी और अब तक साथ रहे। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। उनकी कमी संगठन और समाज को हमेशा महसूस होगी।

श्री दास ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

वहीं, सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा का आकस्मिक निधन व्यक्तिगत रूप से बेहद पीड़ादायक है। सूर्य मंदिर समिति के विभिन्न आयोजनों में उनका मार्गदर्शन और आशीर्वाद सदैव प्राप्त हुआ। उनका स्नेह, मार्गदर्शन और समर्पण हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे। वे हम सभी के लिए एक अभिभावक और कुशल मार्गदर्शक थे। उनका इस तरह अचानक चले जाना अपूरणीय क्षति है। एक अभिभावक और मार्गदर्शक के रूप में उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। प्रभु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दें।

Related Post