चाईबासा: आदिवासी किसान मजदूर पार्टी के जिला अध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य मानसिंह तिरिया के प्रयास से मोंगरा पंचायत के बामानबासा टोला में नया बोरिंग कराने का काम शुरू हो गया है। बोरिंग का काम शुरू होने से स्थानीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
बताया गया कि बामानबासा के ग्रामीण पिछले कई वर्षों से पेयजल की समस्या से जूझ रहे थे। गांव में पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग झरने का गंदा पानी पीने को मजबूर थे। ग्रामीणों ने इस समस्या के समाधान के लिए मानसिंह तिरिया से बोरिंग कराने की मांग की थी। इसके बाद उनके प्रयास से गुरे सिंकु की जमीन पर बोरिंग का काम शुरू कराया गया है। यदि बोरिंग सफल रहती है तो ग्रामीणों को गंदा पानी पीने की मजबूरी से राहत मिलेगी।
इस मौके पर जिला परिषद सदस्य मानसिंह तिरिया ने कहा कि क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। जनहित से जुड़े मामलों को जिला प्रशासन के समक्ष उठाकर उनके समाधान में भागीदारी निभाई जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के अन्य गांवों में भी पेयजल समस्या को देखते हुए दो से तीन अतिरिक्त बोरिंग कराने की मांग पहले ही उठाई जा चुकी है।
बोरिंग का काम शुरू होने पर ग्रामीणों ने मानसिंह तिरिया के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि बोरिंग सफल होने से गांव में पेयजल की समस्या दूर होगी।
इस अवसर पर गुरे सिंकु, रामसिंह सिंकु, गंगाराम कुंकल सहित बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीण उपस्थित थे।

