जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह ब्राह्मण टोला में एक दुकान पर पथराव और फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रमोद दुबे (48) को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने भुइयांडीह ग्वाला बस्ती स्थित उसके आवास से घटना में इस्तेमाल की गई एयर गन बरामद की है। रविवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता कर गिरफ्तारी और बरामदगी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
सिटी एसपी ने बताया कि भुइयांडीह ब्राह्मण टोला निवासी पवन पांडेय ने 26 अक्टूबर की घटना को लेकर सिदगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, रात करीब 11 बजे प्रमोद दुबे अपने कुछ साथियों के साथ उनकी दुकान के पास पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। पथराव में दुकान के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। इसी दौरान आरोपी पर फायरिंग करने का भी आरोप लगाया गया था।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक हथियार दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने प्रमोद दुबे के आवास पर छापेमारी की और वहां से फुटेज में दिख रहे हथियार के रूप में एक एयर गन बरामद की।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने शिकायतकर्ता को कारोबार के लिए कुछ रुपये दिए थे। वह लगातार अपने रुपये वापस मांग रहा था, लेकिन पवन पांडेय कथित तौर पर रुपये लौटाने में आनाकानी कर रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोपी ने स्वीकार किया कि इसी विवाद में आवेश में आकर उसने दुकान पर पथराव और फायरिंग की थी।
पुलिस ने एयर गन जब्त कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तारी और बरामदगी के लिए गठित टीम में सिदगोड़ा थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक मो. फैज अहमद, अवर निरीक्षक सुशांत सुंडी, सहायक अवर निरीक्षक संजय मांझी तथा आरक्षी शम्स तबरेज खुर्शीद और अकरम अंसारी शामिल थे।

