सुनील सिरका ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला, क्षेत्र में खेल मैदान और रोजगार की बदहाली पर सरकार को घेरा*
चाईबासा: तांतनगर प्रखंड अंतर्गत तेन्तेड़ा पंचायत के जावबेड़ा में फुटबॉल एकेडमी की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन हो गया। फाइनल मुकाबले में हिन्दुडीह-मीरुडीह की टीम ने रफ्तार एफसी बिंज को 2-0 गोल से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिमी सिंहभूम ग्रामीण संवेदक संघ के अध्यक्ष सह झारखंड आंदोलनकारी सुनील सिरका उपस्थित थे। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में विजेता हिन्दुडीह-मीरुडीह को खस्सी और 15 हजार रुपये, उपविजेता रफ्तार एफसी बिंज को खस्सी और 10 हजार रुपये दिए गए। तीसरे स्थान पर रही हम दिल दे चुके सनम सोनापोसी को खस्सी और छह हजार रुपये, चौथे स्थान पर रही एनवाईसी मौदी, पांचवें स्थान पर नवागांव एफसी और छठे स्थान पर तिरिलबासा एफसी को आठ-आठ हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया। महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार तेलेएसेंरेंग एफसी को 2500 रुपये और द्वितीय पुरस्कार कुदापी एफसी को 1500 रुपये दिए गए।
इस मौके पर सुनील सिरका ने कहा कि मझगांव विधानसभा क्षेत्र और पूरे कोल्हान के युवाओं में फुटबॉल के प्रति काफी प्रतिभा और उत्साह है। खिलाड़ियों का प्रदर्शन गर्व की बात है, लेकिन क्षेत्र में खेल सुविधाओं की कमी चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार खेल और विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, जबकि क्षेत्र में अच्छे खेल मैदान, स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र तक उपलब्ध नहीं हैं।
उन्होंने डीएमएफटी फंड के उपयोग पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में करोड़ों रुपये आने के बावजूद गांवों में सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। खनिज संपदा से समृद्ध इस क्षेत्र के लोगों को प्रदूषण और रोजगार की कमी का सामना करना पड़ रहा है। युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है।
सिरका ने कहा कि खेल मैदानों का विकास और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना जरूरी है। क्षेत्र की समस्याओं की अनदेखी जारी रही तो ग्रामीण अपने हक और अधिकार के लिए आवाज बुलंद करेंगे।
कार्यक्रम में मंगल सिंह सिरका, नाथो टूटी, बिरसिंह तामसोय, गोविन्द चन्द्र पान, गुंजीत सिरका, संजय सिरका, सुरेश सुण्डी, पाईकिराय पुरती, विजय सिरका, सुरेश सिरका, महेन्द्र सिरका, विनोद सिरका, दिलीप पुरती सहित तेन्तेड़ा पंचायत के जनप्रतिनिधि, खेलप्रेमी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

