रांची : राजधानी रांची में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई। धुर्वा थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित सीठियो इलाके में हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान गिरोह का सदस्य सौरभ गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराने के साथ गिरोह से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी कांके इलाके में एक आपराधिक वारदात को अंजाम देने के बाद रांची से बाहर निकलने की तैयारी में थे। इसी बीच पुलिस को उनके ठिकाने और गतिविधियों की जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में घेराबंदी की और चार आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को गिरोह के एक अन्य सदस्य के सीठियो इलाके में पहुंचने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने रिंग रोड के पास निगरानी बढ़ाते हुए घेराबंदी की। इसी दौरान वहां पहुंचे सौरभ ने पुलिस को देखकर कथित तौर पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी।
इस कार्रवाई में पुलिस ने कुंदन कुमार, गुड्डू मिश्रा, मोहित कुमार, ऋषभ और सौरभ को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से तीन पिस्टल, चार मैगजीन, एक स्विफ्ट कार और चोरी की एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर कांके की वारदात में उनकी भूमिका, राहुल दुबे गिरोह के आपराधिक नेटवर्क और अन्य सदस्यों की संलिप्तता का पता लगाने में जुटी है।

