Breaking
Fri. Oct 30th, 2026

*एसआईआर-2026 को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर*

चाईबासा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम एसआईआर-2026 को लेकर शुक्रवार को सदर अनुमंडल कार्यालय में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने की।

बैठक में एसआईआर-2026 की प्रक्रिया, मतदाता सूची के सत्यापन एवं शुद्धिकरण तथा पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए संजय कुमार ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण एक महत्वपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया है। इसे निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने में राजनीतिक दलों की भूमिका अहम है। उन्होंने सभी दलों के प्रतिनिधियों से निर्वाचन प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना है।

इस दौरान कांग्रेस प्रतिनिधि त्रिशानु राय ने पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य केवल मतदाता सूची का सत्यापन और शुद्धिकरण करना नहीं, बल्कि प्रत्येक योग्य नागरिक का नाम सूची में दर्ज कराना भी होना चाहिए। विशेषकर नए युवा मतदाताओं और वैसे योग्य नागरिकों को चिह्नित करने की जरूरत है, जिनका नाम किसी कारणवश अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है। ऐसे लोगों का नाम जोड़ने के लिए विशेष पहल की जानी चाहिए।

बैठक में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी धनंजय पाठक उपस्थित थे। वहीं राजनीतिक दलों की ओर से कांग्रेस के त्रिशानु राय, झामुमो के इकबाल अहमद, भाजपा के रंजन प्रसाद, राजद के आफताब आलम और आजसू के अजय महतो सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल हुए।

Related Post