Breaking
Wed. Oct 28th, 2026

*गांधी मैदान में अस्थायी पटाखा दुकान आवंटन के लिए आवेदन 3 और 4 नवंबर को* *7,100 रुपये शुल्क जमा करना होगा, 4 नवंबर को लॉटरी से होगा दुकानों का आवंटन*

चाईबासा : नगर परिषद चाईबासा की ओर से दीपावली के अवसर पर गांधी मैदान में अस्थायी पटाखा दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके लिए इच्छुक दुकानदार 3 और 4 नवंबर 2026 को कार्यालय अवधि में आवेदन प्रपत्र खरीदकर जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ 7,100 रुपये शुल्क नकद जमा करना होगा।

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा जारी सूचना के अनुसार, आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 4 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक निर्धारित की गई है। दुकानों का आवंटन 4 नवंबर को दोपहर 3 बजे नगर परिषद कार्यालय के सभागार में लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि आवेदन के साथ जिला शस्त्र पदाधिकारी, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा द्वारा पटाखा बिक्री के लिए जारी अनुज्ञप्ति और चालान की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा आवेदक को अपने आधार कार्ड की छायाप्रति और नगर परिषद कार्यालय से प्राप्त पावती रसीद की छायाप्रति भी जमा करनी होगी।

सूचना में कहा गया है कि आवेदन प्राप्त करने के समय जिला शस्त्र पदाधिकारी द्वारा जारी अनुज्ञप्ति और चालान प्रस्तुत करना अनिवार्य है। इनके बिना आवेदन स्वीकार किए जाने की प्रक्रिया पूरी नहीं होगी।

नगर परिषद की ओर से आवंटित दुकान में रोशनी के लिए बिजली का एक प्वाइंट उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त अन्य किसी भी प्रकार की व्यवस्था दुकानदारों को अपने खर्च पर करनी होगी।

नगर परिषद ने इच्छुक दुकानदारों से निर्धारित तिथि और समय के भीतर आवेदन जमा करने की अपील की है, ताकि आवंटन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जा सके।

यह सूचना नगर परिषद चाईबासा के कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा जारी की गई है।

Related Post