चाईबासा : जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय, चक्रधरपुर में भूगोल ऑनर्स के विद्यार्थियों की पढ़ाई शिक्षकों की कमी के कारण प्रभावित हो रही है। इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर बुधवार को एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष अनीष गोप के नेतृत्व में कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से भूगोल विभाग में पर्याप्त संख्या में योग्य शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की गई।
एनएसयूआई ने कहा कि महाविद्यालय के भूगोल प्रतिष्ठा विभाग में शिक्षकों की कमी के कारण नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही हैं। इससे पाठ्यक्रम समय पर पूरा नहीं हो रहा है और विद्यार्थियों की परीक्षा की तैयारी भी प्रभावित हो रही है। संगठन ने इसे विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य से जुड़ा गंभीर मामला बताया।
जिलाध्यक्ष अनीष गोप ने कुलपति से जल्द शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग की। उन्होंने कहा कि स्थायी नियुक्ति होने तक वैकल्पिक शिक्षण व्यवस्था की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो और निर्धारित समय पर पाठ्यक्रम पूरा हो सके। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसलिए इस समस्या का जल्द समाधान किया जाना चाहिए।
कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि यदि विश्वविद्यालय प्रबंधन छात्रहित में जल्द सकारात्मक पहल नहीं करता है, तो एनएसयूआई के नेतृत्व में लोकतांत्रिक तरीके से जोरदार आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर कोल्हान विश्वविद्यालय आंदोलनकारी सुरेश सावैयां, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अविनाश कोड़ाह, एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष सतीश बोदरा, भुवनेश्वर तियु, महासचिव सचिन बिरुवा, आयुष हेस्सा, मीडिया प्रभारी गुलशन लागुरी, सक्रिय सदस्य कमलेश पिंगुवा, कोमल महतो, मेघा खलखो, मरवीण अनुज खलखो, अनुज कुम्भकार, ओम प्रकाश सोय, लक्ष्मी सरदार और फुल कुमारी सुंडी सहित कई छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

