Breaking
Wed. Oct 28th, 2026

कदमा में अवैध हथियार के साथ दो युवक गिरफ्तार, लोडेड देशी कट्टा और दो गोलियां बरामद

जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र में पुलिस ने आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी की गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक लोडेड देशी कट्टा, दो गोलियां और सफेद रंग का एक आईफोन बरामद किया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान रामजनमनगर काली मंदिर रोड निवासी समीर नाग उर्फ आदित्य नाग (20) और भाटिया बस्ती रोड नंबर-12 स्थित राज बिहारी पथ निवासी शुभम कुम्हार (19) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, समीर नाग का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।

बुधवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि 27 अक्टूबर की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि समीर नाग अपने एक साथी के साथ किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना में यह भी बताया गया था कि उसके पास अवैध देशी कट्टा है। इसके बाद कदमा थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन कर रामजनमनगर स्थित समीर नाग के आवास पर छापेमारी की गई।

पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो कमरे में दोनों युवक एक साथ बैठे मिले। पुलिस को देखकर दोनों घबरा गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान समीर नाग की पैंट की बाईं जेब से सफेद रंग का आईफोन बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, समीर की निशानदेही पर रसोईघर में बर्तनों की ट्रे में छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा और एक गोली बरामद की गई। वहीं, शुभम कुम्हार के ट्राउजर की बाईं जेब से भी एक गोली मिली।

सिटी एसपी ने बताया कि समीर नाग उर्फ आदित्य नाग के खिलाफ इससे पहले 15 जुलाई 2023 को कदमा थाना में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ और बरामद हथियार के संबंध में आवश्यक जांच के बाद आगे की कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Related Post