जमशेदपुर। बिरसानगर थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं की जांच करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने इनके पास से चार स्मार्टफोन, एक लैपटॉप, टाइटन कंपनी की घड़ी समेत चोरी के कई सामान बरामद किए हैं। साथ ही चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार भी जब्त किए गए हैं। मंगलवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों की संलिप्तता जोन नंबर तीन स्थित श्रेष्ठम स्वीट्स और टॉम जिम में हुई चोरी के अलावा जून महीने में जोन नंबर चार की एक सीमेंट दुकान में हुई चोरी में भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, श्रेष्ठम स्वीट्स और टॉम जिम में चोरी की घटनाओं को लेकर 20 अक्टूबर को बिरसानगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। आरोपियों ने दुकानों के ताले और शीशे तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। इसके बाद रुपये, मोबाइल फोन, लैपटॉप, चॉकलेट, सूखे मेवे और अन्य सामान लेकर फरार हो गए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 22 वर्षीय राहुल सामड को गिरफ्तार किया और एक विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चार स्मार्टफोन, एक लैपटॉप, टाइटन कंपनी की घड़ी, टॉर्च, चॉकलेट, खजूर और पूजा की थाली सहित कई सामान बरामद किए हैं। इसके अलावा ताला काटने के औजार, इलेक्ट्रिक कटर मशीन, हथौड़ी, साबल, रेंच, पेचकस और ताला तोड़ने वाली रॉड भी जब्त की गई है। पुलिस का मानना है कि इन औजारों का इस्तेमाल चोरी की घटनाओं को अंजाम देने में किया जाता था।
पूछताछ के दौरान जून महीने में जोन नंबर चार की एक सीमेंट दुकान में हुई चोरी का मामला भी सामने आया। पुलिस ने दावा किया है कि उक्त दुकान से चोरी किए गए दो स्मार्टफोन भी बरामद हुए हैं। गिरफ्तार राहुल सामड का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ टेल्को थाने में वर्ष 2020 और 2022 में चोरी से संबंधित मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

