Breaking
Tue. Oct 27th, 2026

बर्मामाइंस में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, देशी कट्टा और पांच गोलियां बरामद

जमशेदपुर। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक देशी कट्टा, पांच गोलियां और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार युवक की पहचान कैरेज कॉलोनी की मुस्लिम बस्ती निवासी मो. इरफान (20) के रूप में हुई है। पुलिस को आशंका है कि युवक हथियार के साथ किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। पूछताछ के दौरान उसने हथियार और गोलियां मो. शाहिद नामक व्यक्ति द्वारा दिए जाने की बात कही है।

मंगलवार को नगर पुलिस अधीक्षक ललित मीणा ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 26 अक्टूबर को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के रेलवे कंटेनर यार्ड के आसपास एक युवक अवैध देशी कट्टा और गोलियां लेकर घूम रहा है। सूचना में यह भी आशंका जताई गई थी कि युवक किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की तैयारी में है।

सूचना मिलने के बाद नगर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रेलवे कंटेनर यार्ड के पास छापेमारी की। इसी दौरान पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी कट्टा, पांच गोलियां और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मो. इरफान ने बताया कि बरामद हथियार और गोलियां कैरेज कॉलोनी की मुस्लिम बस्ती निवासी मो. शाहिद (32) की हैं। युवक ने दावा किया कि शाहिद ने ही उसे हथियार और गोलियां दी थीं तथा उसके कहने पर वह उन्हें लेकर जा रहा था। पुलिस अब युवक के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है और हथियार उपलब्ध कराने में कथित रूप से शामिल व्यक्ति की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

Related Post