Breaking
Tue. Oct 27th, 2026

आदित्यपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत पर हंगामा, पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित सतवाहनी के जॉय नेक्स्ट अपार्टमेंट में नवविवाहिता पिंकी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। मृतका के मायके वालों ने उसके पति मनीष शर्मा, सास और देवर पर प्रताड़ित करने तथा पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। आक्रोशित परिजन शव लेकर आरोपी पति के अपार्टमेंट पहुंच गए और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध जताया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

परिजनों का कहना है कि पिंकी ने कुछ महीने पहले ही प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से ही उसे ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका की बड़ी मां तारा देवी ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग लगातार उसे परेशान कर रहे थे। उन्होंने बताया कि घटना से पहले पिंकी की सास फोन पर धमकी भरे अंदाज में कहती थी कि यदि बेटी छत से कूद जाएगी तो वे क्या कर लेंगे। शनिवार को जब परिजनों ने पिंकी से बात करने की कोशिश की, तो उन्हें टाल दिया गया। इसके बाद उसके पति ने फोन कर बताया कि पिंकी छत से कूद गई है।

तारा देवी ने ससुराल वालों पर पिंकी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि अपार्टमेंट के सुरक्षा गार्ड ने उसे बताया था कि सास पिंकी को घसीटकर पीट रही थी। परिजनों के मुताबिक, उसके शरीर, छाती और पेट पर रॉड तथा लातों से वार किए गए थे। उन्होंने हाथ तोड़ने और गला घोंटने का भी आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि पिंकी गर्भवती थी। उनका आरोप है कि घटना के बाद पुलिस को सूचना दिए बिना उसे कार से अस्पताल ले जाया गया।

मृतका के परिजन निशांत ने बताया कि शनिवार को विवाद के दौरान पिंकी के साथ मारपीट की गई और बाद में उसे कार से ले जाया गया। पहले उसे एमजीएम अस्पताल और फिर रांची स्थित रिम्स में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने आदित्यपुर थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। साथ ही अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच भी की जा रही है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Related Post