चाईबासा: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (नालसा), नई दिल्ली और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के निर्देश पर चलाए जा रहे 60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान के तहत चक्रधरपुर प्रखंड की सिलफोड़ी पंचायत के मुंडा टोला में निःशुल्क विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष मोहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में लगा। इसमें डालसा के सचिव रवि चौधरी उपस्थित रहे।
रवि चौधरी ने ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा नालसा की 13 प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने साइबर अपराध से बचाव के लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते से जुड़ी जानकारी साझा नहीं करें और न ही किसी को ओटीपी बताएं। जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर लोग न्याय पाने के लिए डालसा के माध्यम से निःशुल्क अधिवक्ता की सहायता ले सकते हैं।
शिविर के दौरान जानकारी मिली कि कुछ परिवार आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) कार्ड से वंचित हैं। डालसा की पहल पर उनके लिए कार्ड उपलब्ध कराए गए। सचिव रवि चौधरी ने कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों के बीच आभा कार्ड वितरित किए, ताकि उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा हो।
पैनल अधिवक्ता महेंद्र दोराईबुरू ने डालसा की संरचना, कार्यप्रणाली और निःशुल्क विधिक सेवाओं के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी। वहीं, पीएलवी विकास दोदराजका ने साइबर अपराध से बचने के उपाय बताए। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी साझा नहीं करने और साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
इस अवसर पर पंचायत के मुंडा लोकनाथ सामड सहित बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिलाएं, बच्चे और ग्रामीण उपस्थित थे। शिविर के आयोजन में अधिकार मित्र श्वेता रवानी, रीना प्रधान, राहुल प्रधान, उदाहरण प्रधान, करण कुंभकार, अनीता गिलुवा, अनीता बोदरा और पिंकी बोदरा का योगदान रहा।

